आज से उत्तर प्रदेश में भाजपा के आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत

आज से भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत करने जा रही है. 9 दिन के इस अभियान में केंद्र स्थापित मोदी सरकार तथा उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास होगा.

इसको भाजपा की सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने का अभियान भी माना जा रहा है. बताया जा रहा है आत्मनिर्भर भारत अभियान 20 जून तक चलेगा, और इस अभियान में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध एवं विशिष्ट जनों से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का विभिन्न विषय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधा संवाद होगा.

इस अभियान के संबंध में जेपीएस राठौर के मुताबिक प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कोरोनावायरस की महामारी संकट में 20 लाख करोड़ रुपये आर्थिक पैकेज की घोषणा कर भारत को आत्मनिर्भर बनाने का जो अभियान चलाया है, उस पर फोकस करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले वर्गों के  प्रमुख लोगों से वर्चुअल संवाद करेंगे।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही 12 जून को प्रगतिशील किसानों से रूबरू होंगे, और भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्चुअल संवाद करेंगे.

इसके बाद 13 जून को राज्य के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों से वर्चुअल संवाद करेंगे और राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव प्रबुद्ध वर्ग से जन संवाद करेंगे।

इसी में आगे बढ़ते हुए 14 जून को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहयोग सेवा से जुड़े लोगों से संवाद करते हुए इस अभियान को और गति देंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह वेबसाइट क्षेत्र के लोगों से वर्चुअल जन संवाद करेंगे और 15 जून को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे प्रदेश में सुशासन से जुड़े लोगों के साथ संवाद करेंगे।

भाजपा के समन्वयक महामंत्री विजय बहादुर पाठक के अनुसार अभियान का उद्देश्य सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता को बढ़ाना है, और इसी कड़ी में  संगठन महामंत्री सुनील बंसल एनजीओ से जुड़े लोगों के साथ और सांसद डॉ महेश वर्मा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े डॉक्टर मेडिकल स्टाफ नर्स एवं पैरामेडिकल स्टाफ के साथ संवाद करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी ने कार्य व्यवसाय के आधार पर स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, प्रबुद्ध वर्ग, सहयोग सेवा, प्रगतिशील किसान, व्यवसाय, एनजीओ, सुशासन, समग्र ग्राम विकास, वरिष्ठ नागरिक, लघु सीमांत किसान, सूक्ष्म लघु उद्योग, विधि परामर्श, पशुपालन, प्रवासी मजदूर, व्यापार, पटरी दुकानदार और श्रमिक संगठन सहित 33 सामाजिक श्रेणियों का निर्धारण किया है जिसके कुशल संचालन की जिम्मेदारी प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी संभालेंगे।

इनमें नवाब सिंह नागर एनजीओ वर्ग, लक्ष्मण आचार्य सुशासन, विजय बहादुर पाठक प्रबुद्धवर्ग, अनूप गुप्ता स्वास्थ्य सेवा, प्रकाश पाल प्रगतिशील किसान, अमर पाल मौर्य शिक्षा, संजय राय सहयोग सेवा तथा मनीष कपूर व्यावसायिक वर्ग से संवाद कार्यक्रम का संचालन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here